प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक एक ही परिसर में मिलेगी शिक्षा, स्मार्ट क्लास से लेकर रोबोटिक्स लैब तक की होगी सुविधा
सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्राम जामपानी में बड़ी पहल होने जा रही है। यहां 25 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण 25 नवंबर से शुरू होगा। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। परियोजना पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को परंपरागत पढ़ाई के साथ डिजिटल, तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा पुस्तकों के अध्ययन के लिए व्यवस्थित लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब तथा विज्ञान एवं रोबोटिक्स की शिक्षा के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब स्थापित की जाएगी। इन सुविधाओं के जरिए विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक और तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में बाल वाटिका विकसित की जाएगी। वहीं, विद्यार्थियों को पोषण और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से न्यूट्रिशन गार्डन भी बनाया जाएगा। शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए स्टाफ रूम की व्यवस्था होगी। पूरे परिसर को वाईफाई सुविधा से लैस करने के साथ ऑनलाइन सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी। एक ही परिसर में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। अभिभावकों को अलग-अलग कक्षाओं के लिए दूसरे विद्यालयों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। खासकर दुद्धी तहसील के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के बच्चों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर और रोबोटिक्स लैब जैसी सुविधाएं ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने में मददगार साबित होंगी। जामपानी में इस विद्यालय का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
Author: Pramod Gupta
Hello









