November 23, 2026 3:58 pm

स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर जांच सुविधा, शशि डायग्नोस्टिक्स की शुरुआत; पहले दिन 150 मरीजों को मिला लाभ

सोनभद्र (चोपन) स्थानीय प्रह्लाद कॉम्प्लेक्स में रविवार को शशि डायग्नोस्टिक्स का शुभारंभ तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित मिश्र एवं चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर नोएडा स्थित मेट्रो हॉस्पिटल से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। राधेश्याम चैरिटेबल फाउंडेशन के महासचिव सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि शशि डायग्नोस्टिक्स की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। अब सामान्य जांच के लिए लोगों को दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों के समय एवं आर्थिक खर्च की बचत होगी। साथ ही बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार में भी सहूलियत मिलेगी।उन्होंने कहा कि संस्था का संकल्प है कि स्वास्थ्य सुविधाओं पर समाज के प्रत्येक व्यक्ति का समान अधिकार सुनिश्चित हो। इसी सोच के साथ केंद्र की सेवाएं सभी वर्गों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष रूप से दूरदराज के ग्रामीण इलाकों, जनजातीय बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक स्वास्थ्य जांच की सुविधा पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है। गौरतलब है कि पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के संरक्षण एवं श्रीमती शशि कला त्रिपाठी की अध्यक्षता में संचालित राधेश्याम चैरिटेबल फाउंडेशन की यह पहल जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।शिविर में सामान्य बीमारियों, हड्डी एवं जोड़ों की समस्याओं, नेत्र रोगों तथा महिला स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जा रहा है। लगातार बारिश के बावजूद शिविर के पहले दिन लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। करीब 150 लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।आयोजकों ने बताया कि शिविर 23 एवं 24 नवंबर को भी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक प्रह्लाद कॉम्प्लेक्स, चोपन में जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!