सोनभद्र (दुद्धी) विकास खंड क्षेत्र के दिघुल ग्राम स्थित मदरसे के आसपास रहने वाले कई ग्रामीण पिछले कई महीनों से शुद्ध पेयजल के लिए परेशान हैं। वार्ड संख्या 14 में लगा सरकारी हैंडपंप लंबे समय से दूषित पानी दे रहा है। हैंडपंप मुख्य मार्ग से करीब दो फीट नीचे होने तथा उसके चारों तरफ घास-फूस जमा होने के कारण ग्रामीणों को किसी तरह पानी निकालना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग इसी पानी का उपयोग पीने के लिए कर रहे हैं। ग्रामीण मनोज केशरी, इकबाल अंसारी, मुख्तार, रविशंकर, राजेश यादव, अमानत और विजय जायसवाल आदि ने बताया कि लालकेश्वर के घर के पास लगे सरकारी हैंडपंप को ऊंचा कराने अथवा रिबोर कराने के लिए ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि हर घर नल योजना के तहत लगाए गए नलों से भी पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। करीब छह माह पूर्व गांव में लगे नलों से महज एक-दो दिन पानी आया था, इसके बाद से जलापूर्ति पूरी तरह बंद है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। न तो सरकारी हैंडपंप से शुद्ध पानी मिल रहा है और न ही नल योजना का लाभ।
पोर्टल के आंकड़े और धरातल की हकीकत में अंतर
हैरानी की बात यह है कि जल सारथी पोर्टल पर गांव के कुल 1045 घरों में से 836 घरों में करीब 80 प्रतिशत नियमित जलापूर्ति दर्ज है, जबकि ग्रामीणों के अनुसार जमीनी स्तर पर स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से हैंडपंप की मरम्मत अथवा रिबोर कराने और हर घर नल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव के कुछ घरों में जलापूर्ति की दिक्कत हो सकती है। दिखवाता हु।
Author: Pramod Gupta
Hello









