November 23, 2026 2:36 am

तीन दिन से जाम में जकड़ा बीजपुर – बकरीहवा मार्ग के नकटू मे राख वाहनों की रफ्तार पर जनता की जिंदगी ठहरी, जिम्मेदार मौन!

सोनभद्र (बीजपुर) बीजपुर के बकरीहवा से नकटू मार्ग तक पिछले तीन दिनों से जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। कहीं भारी वाहनों का ब्रेकडाउन तो कहीं ओवरलोड राख वाहनों की लंबी कतारें, इन सबके बीच सड़क पर चलने वाले आम लोगों की जिंदगी मानो थम सी गई है। जाम की स्थिति ऐसी है कि यात्रियों को घंटों इंतजार करने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। ओवरलोड राख वाहनों की आवाजाही और खराब हो रहे भारी वाहनों के चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित नजर आ रही है। लेकिन सवाल यह है कि जब तीन दिनों से सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है, तो जिम्मेदार प्रशासनिक तंत्र आखिर कहां है? एनटीपीसी प्रबंधन भी इस समस्या से अपना पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। राख परिवहन से जुड़ी समस्याएं लगातार आम लोगों के सामने हैं, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस पहल कब होगी, यह अब भी सवाल बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी बसों में सफर कर रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। कई यात्रियों को जाम में फंसने के बाद मजबूरन कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। किसी को अपने गंतव्य तक पहुंचने की चिंता है तो किसी को जरूरी काम छूटने का डर, लेकिन सड़क पर जाम के बीच लोगों की मजबूरी देखने वाला जिम्मेदार तंत्र फिलहाल अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहा है। विडंबना यह है कि जाम खुलवाने और फंसे यात्रियों को राहत दिलाने के लिए कुछ स्थानीय लोग आगे आकर प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय लोग अपने स्तर से यातायात सुचारु कराने में जुटे हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या सड़क और यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी भी अब आम जनता ही निभाएगी?तीन दिन से जाम, परेशान जनता और जिम्मेदारों की चुप्पी आखिर कब टूटेगी? अब देखना है कि इस मार्ग पर लोगों को राहत कब मिलती है या फिर जनता इसी तरह जाम के बीच अपनी मंजिल तलाशती रहेगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!