November 22, 2026 2:28 am

यात्रियों के आराम की धर्मशाला बनी कूड़ाघर, दुर्गंध ने छीना चैन; दो माह से सफाई नदारद!

सफाई कर्मी के तबादले के बाद व्यवस्था ध्वस्त, पीपल के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर बैठना भी हुआ मुश्किल; जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश

सोनभद्र (वैनी) यात्रियों को राहत देने और राहगीरों को कुछ पल सुकून से बैठने के लिए बनाई गई धर्मशाला आज खुद बदहाली का शिकार है। नगवां ब्लॉक के वैनी बाजार चौराहे पर स्थित धर्मशाला की हालत ऐसी हो गई है कि यहां बैठकर आराम करना तो दूर, दुर्गंध के कारण कुछ देर ठहरना भी मुश्किल हो गया है। विडंबना देखिए कि यात्रियों की सुविधा के लिए बनी यह धर्मशाला अब कूड़ाघर में तब्दील होती जा रही है, लेकिन सफाई व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदारों की नजर इस बदहाली पर नहीं पड़ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले करीब दो माह से धर्मशाला की सफाई नहीं हुई है। सफाई के अभाव में धीरे-धीरे लोगों ने भी वहां कूड़ा फेंकना शुरू कर दिया, जिससे पूरा परिसर गंदगी से पट गया है। हालात यह हैं कि धर्मशाला के पास पीपल के पेड़ की छांव में बना चबूतरा, जहां कभी राहगीर बैठकर थकान मिटाते थे, अब कूड़े और उठती दुर्गंध के कारण वीरान पड़ा है। प्रतिदिन बाजार आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को बैठने के लिए दूसरी जगह तलाशनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सफाई के लिए एक सफाई कर्मी की तैनाती थी, लेकिन उसका स्थानांतरण होने के बाद से सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई है। सवाल यह है कि एक सफाई कर्मी के तबादले के बाद पूरी व्यवस्था ही क्यों ठप हो गई? क्या संबंधित विभाग के पास वैनी बाजार की सफाई के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं है? आखिर यात्रियों की सुविधा और सार्वजनिक स्वच्छता की जिम्मेदारी किसकी है? ग्रामीणों ने मांग की है कि धर्मशाला और बाजार परिसर में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही समूह में सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और स्थायी सफाई कर्मी की तैनाती की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यात्रियों की सुविधा के लिए बना यह सार्वजनिक स्थल पूरी तरह कूड़ाघर में तब्दील हो जाएगा।अब सवाल यह है कि धर्मशाला की बदहाली दूर करने के लिए जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे? यात्रियों के आराम की जगह को कूड़ाघर बनने से बचाने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!