November 22, 2026 2:28 am

बाल विवाह की सूचना पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, दो नाबालिगों का रेस्क्यू

कोन के रामगढ़ गांव में बाल विवाह की तैयारी पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, बालिका को संरक्षण में भेजा

सोनभद्र (कोन) बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर अंकुश लगाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में कोन थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में बाल विवाह के प्रयास की सूचना मिलने पर थाना कोन पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका और एक नाबालिग बालक को रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार बाल विवाह के प्रयास की सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष टीम गठित की और उसे मौके पर रवाना किया। टीम में चाइल्ड हेल्पलाइन रॉबर्ट्सगंज की केस वर्कर सीमा शर्मा, बजरंग सिंह तथा वन स्टॉप सेंटर के नागेंद्र सिंह शामिल रहे। टीम ने थाना कोन पहुंचकर पुलिस के साथ आवश्यक कार्रवाई और बच्चों की सुपुर्दगी से संबंधित प्रक्रिया पूरी की। थाना प्रभारी की ओर से नाबालिग बालिका को संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि नाबालिग बालक को उसके परिजनों के साथ भेजा गया। साथ ही परिजनों को सोमवार, 23 नवंबर को विकास भवन स्थित कार्यालय में काउंसलिंग के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील की कि बाल विवाह न केवल सामाजिक कुरीति है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या प्रयास की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। इसके अलावा बाल श्रम, शोषण अथवा बच्चों के साथ हिंसा की घटनाओं की जानकारी भी हेल्पलाइन पर दी जा सकती है।उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए उठाया गया एक छोटा कदम किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित कर सकता है। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में बाल संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। अपील: बाल विवाह रोकें, बच्चों का बचपन बचाएं। आपकी एक कॉल किसी मासूम का भविष्य संवार सकती है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!