सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने का आरोप, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
सोनभद्र। जनपद में संचालित छोटे-बड़े निजी एवं कमर्शियल वाहनों के फिटनेस सेंटरों पर मनमानी वसूली और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर वाहन स्वामियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन ने फिटनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि जनपद में स्थापित वाहन फिटनेस सेंटरों द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच और प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क के अतिरिक्त मनमानी एवं अत्यधिक धनराशि मांगी जा रही है। इससे छोटे-बड़े वाहन मालिक आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं और उनमें भारी असंतोष व्याप्त है।एसोसिएशन का कहना है कि वाहन स्वामी पहले से ही डीजल-पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत और अन्य परिचालन खर्चों के बढ़ते बोझ से परेशान हैं। ऐसे में फिटनेस के नाम पर अतिरिक्त धनराशि की मांग उनके आर्थिक शोषण के समान है। वाहन स्वामियों को निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक रकम खर्च करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि जनपद में संचालित फिटनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली एवं शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। सेंटर परिसर में निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाए तथा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की धनराशि वसूलने पर तत्काल रोक लगाई जाए। यदि मनमानी वसूली की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित फिटनेस सेंटर के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं वाहन स्वामियों के लिए सुविधाजनक बनाने तथा प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा की गई धनराशि की विधिवत रसीद उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। एसोसिएशन ने एआरटीओ से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की, ताकि वाहन स्वामियों को कथित अवैध वसूली और अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









