सोनभद्र (दुद्धी) सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय, दुद्धी में रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रचनात्मक तरीके से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, उनसे बचाव के उपायों तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व को दर्शाया। रंगोली और पोस्टर के जरिए यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर के प्रति लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश भारती ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमों के पालन से दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है। प्रतियोगिता का नेतृत्व सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के नोडल अधिकारी मिथिलेश कुमार गौतम ने किया। इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार, डॉ. प्रीति, राजेश कुमार यादव, सचिन कुमार विश्वकर्मा, डॉ. प्रियंका जायसवाल एवं श्रीमती अंकिता चंद्र सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









