November 21, 2026 2:50 am

पुलिस लाइन में एसपी का औचक निरीक्षण, हथियारों से लेकर वाहनों तक की परखी तैयारी; पुलिसकर्मियों को दिया मुस्तैदी का मंत्र

शुक्रवार परेड की सलामी लेकर टोलीवार ड्रिल और दौड़ कराई, यूपी-112 समेत थानों के वाहनों की जांच कर आपातकालीन स्थिति में त्वरित रिस्पांस के दिए निर्देश

सोनभद्र। पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और कार्यकुशलता को धार देने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली और परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों की फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को परखने के साथ उन्हें हर परिस्थिति में मुस्तैद रहने का संदेश दिया गया। परेड के दौरान पुलिस कर्मियों से टोलीवार ड्रिल और दौड़ कराई गई। साथ ही शस्त्रों के संबंध में प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया गया। एसपी ने पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ रहते हुए जनसेवा तथा कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद एसपी ने यूपी-112 और जनपद के विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग की। वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव के साथ दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने वाहन चालकों और संबंधित पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी वाहन और उपकरण हमेशा दुरुस्त एवं क्रियाशील रखें, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सके। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द का निरीक्षण कर सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार किया तथा गार्द रजिस्टर की पेशी ली। परिवहन शाखा में वाहनों के अभिलेख, फिटनेस और रखरखाव की स्थिति परखी। इसके साथ ही क्वार्टर गार्द, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक और पुलिस लाइन परिसर का भी गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने तथा पुलिस लाइन में बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!