डेढ़ माह में 10 से भी कम मतदाता बढ़ाने वाले बूथों पर उठे सवाल, चार विशेष बूथ दिवस तक सुधार का अल्टीमेटम
संतोषजनक प्रगति नहीं हुई तो विभागीय कार्रवाई के साथ दर्ज होगा आपराधिक मामला
सोनभद्र। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। विधानसभा क्षेत्र 401 राबर्ट्सगंज में मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की धीमी प्रगति पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय ने 48 बूथों पर तैनात सुपरवाइजरों और बीएलओ को कड़ी चेतावनी जारी की है। साथ ही निर्धारित समय में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर विभागीय दंडात्मक कार्रवाई के साथ आपराधिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है। उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, राबर्ट्सगंज की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि विधानसभा क्षेत्र में एक अक्टूबर 2026 से फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि चिह्नित 48 बूथों पर डेढ़ माह से अधिक समय बीतने के बावजूद फार्म-6 के माध्यम से नाम बढ़ाने की संख्या 10 से भी कम है। यह स्थिति निर्वाचन कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित बूथों पर एसआईआर के दौरान एएसडीडी की संख्या अपेक्षा से अधिक पाई गई है। इसके अलावा जेंडर रेशियो और एज कोहोर्ट की स्थिति भी अत्यंत असंतोषजनक बताई गई है। समीक्षा में इन खामियों के लिए संबंधित सुपरवाइजरों और बीएलओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 21, 22, 28 और 29 नवंबर को निर्धारित बूथ दिवसों तक संबंधित बूथों की स्थिति में सुधार लाया जाए। यदि निर्धारित समय तक प्रगति संतोषजनक नहीं हुई तो संबंधित कर्मचारियों को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के उल्लंघन और सौंपे गए निर्वाचन कार्य में लापरवाही का दोषी मानते हुए विभागीय दंडात्मक कार्रवाई के साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भेजे गए पत्र को अवलोकित किया जाना ही उसकी तामीली माना जाएगा। प्रशासन की इस सख्त चेतावनी से निर्वाचन कार्य में लगे संबंधित कर्मचारियों में खलबली मच गई है। अब देखना होगा कि निर्धारित बूथ दिवसों तक मतदाता सूची पुनरीक्षण की रफ्तार कितनी तेज होती है।
Author: Pramod Gupta
Hello









