तीन साल से अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने का दावा, शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज सभासदों ने डीएम को सौंपा त्यागपत्र
एडीएम ने दिया समाधान का भरोसा, अध्यक्ष प्रतिनिधि बोले- बिना काम के नहीं हुआ कोई भुगतान
सोनभद्र। चुर्क-घुर्मा नगर पंचायत में कथित अनियमितताओं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विकास कार्यों में गड़बड़ी और शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत के आठ सभासदों ने सामूहिक रूप से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। सभासदों ने जिलाधिकारी को अपना त्यागपत्र सौंपकर पिछले तीन वर्षों से उठाई जा रही समस्याओं पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। सभासदों का कहना है कि नगर पंचायत में कुल दस सभासद हैं, जिनमें से आठ लगातार विकास कार्यों की गुणवत्ता और कथित वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि जिलाधिकारी से शिकायत करने के साथ ही आईजीआरएस और सूचना का अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से भी कई बार जानकारी मांगी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। सभासदों ने अधिशासी अधिकारी और अवर अभियंता की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों का मौके पर समुचित निरीक्षण नहीं किया जाता और शिकायतों पर संतोषजनक जवाब भी नहीं मिलता। वहीं, अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव पर नगर पंचायत के कामकाज में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया गया है।सभासदों ने पांच पानी की टंकियों के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनके मुताबिक, इन टंकियों पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन करीब ढाई साल बीतने के बावजूद एक भी टंकी चालू नहीं हो सकी है। जबकि इनके निर्माण की समय सीमा महज तीन महीने निर्धारित की गई थी। इसके अलावा कई अन्य कार्यों में भी गलत तरीके से भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। सभासदों ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव ने कहा कि सभासदों की नाराजगी का वास्तविक कारण उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत में बिना काम कराए किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया गया है। सभासदों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान का प्रयास किया जाएगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम वागीश शुक्ला ने सभासदों से वार्ता की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष को बुलाकर सभी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जो समस्याएं जायज पाई जाएंगी, उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। अब देखना यह है कि तीन वर्षों से शिकायतें उठाने का दावा कर रहे सभासदों की मांगों पर प्रशासन कितना गंभीर कदम उठाता है और लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद बंद पड़ी पानी की टंकियों का संचालन कब तक शुरू हो पाता है।
Author: Pramod Gupta
Hello









