November 19, 2026 12:40 am

यातायात जागरूकता रैली निकाल पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, एसपी अभिषेक वर्मा ने दिखाई हरी झंडी

सोनभद्र। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत बुधवार को पुलिस की ओर से रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे से भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जागरूकता रैली में यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने स्कूटी एवं मोटरसाइकिल के साथ प्रतिभाग किया। रैली के जरिए लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता बताई गई। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने और गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का पालन करने के साथ ही वाहन चलाते समय जल्दबाजी और लापरवाही नहीं बरतने की भी हिदायत दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को स्वयं यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। यातायात माह नवंबर के दौरान सोनभद्र पुलिस की ओर से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में विद्यार्थियों से लेकर आम नागरिकों और वाहन चालकों तक को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाएं। याद रखें, आपकी छोटी सी सावधानी आपके परिवार की खुशियां सुरक्षित रख सकती है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!