सोनभद्र। थाना शक्तिनगर में तैनात उपनिरीक्षक सदाशिव राय का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिस अधिकारी के रूप में याद करते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 नवंबर 2026 को ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक सदाशिव राय के सीने में अचानक तेज दर्द उठा, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। दिवंगत उपनिरीक्षक का पार्थिव शरीर श्रद्धांजलि के लिए पुलिस लाइन चुर्क लाया गया। यहां पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा समेत पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अधिकारी के सेवाकाल और विभाग के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि सदाशिव राय ने 1 अगस्त 1989 को आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। लंबे सेवाकाल और विभागीय पदोन्नति के बाद वह उपनिरीक्षक के पद तक पहुंचे थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के निवासी थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस परिवार ने अपना एक समर्पित साथी खो दिया। पुलिस विभाग ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Author: Pramod Gupta
Hello









