November 18, 2026 12:23 am

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की पाठशाला: बच्चों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ, वाहन चालकों का होगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

यातायात माह में पुलिस का दोहरा अभियान, विद्यार्थियों को बांटे पंपलेट तो चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और नशे में ड्राइविंग से बचने की दी गई सीख

सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नवंबर माह में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यातायात माह नवंबर 2026 के तहत मंगलवार को जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, वहीं मधुपुर में वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जयपुरिया विद्यालय में आयोजित गोष्ठी के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियम केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। इस दौरान छात्र-छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई पुलिसकर्मियों ने बच्चों को हेलमेट पहनने, दोपहिया वाहन पर निर्धारित सवारी संख्या का पालन करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया। साथ ही बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। वहीं यातायात माह के अंतर्गत मधुपुर में वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने और आंखों की नियमित जांच कराने के महत्व के बारे में बताया गया। यातायात पुलिस ने चालकों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा शराब पीकर किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। पुलिस टीम ने अधिक से अधिक वाहन चालकों से शिविर में पहुंचकर अपना नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। यातायात पुलिस का कहना है कि यातायात माह का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है। इसके लिए विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और वाहन चालकों के बीच लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेंद्र कुमार सिंह, यातायात उपनिरीक्षक तीरथ लाल, हेड कांस्टेबल सुनील यादव, बबलू यादव, वीरेंद्र कुमार पाठक, अजय कुमार सहित यातायात टीम के अन्य सहयोगी मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!