सोनभद्र (दुद्धी) तहसील क्षेत्र की एकमात्र राजकीय गोशाला रजखड़ में मंगलवार को भव्य गोपाष्टमी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्रा रहे। इस दौरान विधि-विधान से गोपूजन एवं गायत्री यज्ञ के साथ वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी ने गोशाला में मौजूद अनाथ बछड़े को अपने हाथों से दूध पिलाया तथा उसका नामकरण भी किया। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए। उन्होंने गोशाला का निरीक्षण कर पशुओं की व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जानकारी दी गई कि राजकीय गोशाला रजखड़ में वर्तमान समय में 114 पशु संरक्षित हैं, जबकि गोशाला की कुल क्षमता 400 पशुओं की है। इस पर क्षेत्र में सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को गोशाला तक पहुंचाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने कहा कि दुद्धी तहसील क्षेत्र की सभी नगर पंचायतों में सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को पकड़कर गोशाला में संरक्षित कराने के लिए चारों नगर पंचायतों के साथ ही ग्राम प्रधानों को भी निर्देशित किया जाना चाहिए। इस संबंध में उपजिलाधिकारी से आवश्यक पहल कराने की बात कही गई, ताकि निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिल सके और सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान काफी संख्या में गो प्रेमी एवं सेवक उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









