November 18, 2026 12:39 am

मकान से लाखों की चोरी, लगातार वारदातों के बावजूद पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

सोनभद्र (बीजपुर) बीजपुर थाना क्षेत्र के डोड़हर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोर घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक डोड़हर निवासी राम सजीवन जायसवाल पुत्र रामवृक्ष जायसवाल छठ पूजा मनाने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ स्थित अपनी ससुराल गए हुए थे। सोमवार 16 नवंबर को जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात और लगभग एक लाख रुपये नकद गायब मिले। पीड़ित परिवार ने तत्काल बीजपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में कंपोजिट विद्यालय डोड़हर से सोलर प्लेट की चोरी हुई थी। इससे पहले डोड़हर के अंबेडकर विद्यालय का गेट भी चोरी हो चुका है। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी चोरी की वारदातें सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगता नहीं दिख रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि लगातार घटनाओं के बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं। क्या पुलिस की रात्रि गश्त पर्याप्त नहीं है और पूर्व की चोरी की घटनाओं में कार्रवाई का क्या परिणाम निकला। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों और वारदातों के बावजूद ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। लोगों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व की घटनाओं का खुलासा करने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!