November 16, 2026 5:36 am

दिल दहला देने वाला हादसा: एक को बचाने के लिए पानी में कूदे भाई-बहन, तीनों की दर्दनाक मौत

अनिल को डूबता देख बचाने के लिए गहरे पानी में उतरे 15 वर्षीय राजू और 19 वर्षीय उर्मिला, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मचा कोहराम

सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बिरनबहरा टोले में रविवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने गए एक ही परिवार के तीन सदस्यों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। बहनोई को डूबता देख उसे बचाने के लिए पानी में कूदे साला और साली भी गहरे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीन जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह 22 वर्षीय अनिल शर्मा अपने साले राजू और साली उर्मिला के साथ भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने गया था। इसी दौरान अनिल अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। बहनोई को संकट में देख 15 वर्षीय राजू और 19 वर्षीय उर्मिला उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। लेकिन बंधी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण तीनों ही संभल नहीं सके और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गए। घटना के समय वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने यह स्पष्ट रूप से नहीं देखा कि सबसे पहले कौन पानी में डूबा था। काफी समय बीतने के बाद भी जब तीनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ बंधी के पास जुट गई। तत्काल अनपरा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 15 वर्षीय राजू पुत्र रामप्रसाद, 19 वर्षीय उर्मिला पुत्र रामप्रसाद तथा 22 वर्षीय अनिल शर्मा के रूप में हुई है। एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की एक साथ मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। जिस घर में सुबह तक खुशियां और चहल-पहल थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर गहरे जलस्रोतों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और खतरे की गंभीरता को सामने लाता है। बहनोई को बचाने के लिए भाई-बहन ने अपनी जान की परवाह तक नहीं की, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों की जिंदगी एक साथ खत्म हो गई। बिरनबहरा टोले में हर आंख नम है और हर जुबां पर इसी दर्दनाक हादसे की चर्चा है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!