November 16, 2026 5:36 am

छठ घाटों की सुरक्षा पर पुलिस की पैनी नजर, एसपी अभिषेक वर्मा ने किया निरीक्षण

चोपन, ओबरा और दुद्धी के छठ घाटों का अधिकारियों ने लिया जायजा, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी; आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें तैनात

सोनभद्र। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक ने चोपन और ओबरा थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने दुद्धी थाना क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और यातायात व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। छठ पर्व के मद्देनजर जनपद के विभिन्न छठ घाटों और पार्किंग स्थलों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी समय-समय पर निगरानी की जा रही है। घाटों पर अनाउंसमेंट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए श्रद्धालुओं को लगातार सतर्क किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे गहरे पानी में न जाएं और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा-अर्चना करें। जनपद के छोटे-बड़े नदी, तालाब, पोखरों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। खासकर ओबरा क्षेत्र में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य संचालित करने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। रात्रि के समय घाटों पर रुकने वाली महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर घाटों एवं आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!