अनियंत्रित टैंकर के उड़े परखच्चे, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया जिला अस्पताल; लगातार हादसों के बावजूद सुरक्षा इंतजाम नाकाफी
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी पुरानी घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डीजल लोड करके घाटी उतर रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि टैंकर के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त टैंकर का नंबर UP64AT7245 बताया गया है। टैंकर डीजल लेकर मारकुंडी पुरानी घाटी से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान घाटी के खतरनाक रास्ते पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। खाई में बुरी तरह क्षतिग्रस्त टैंकर और उसमें फंसे घायलों को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल मदद शुरू की। काफी मशक्कत के बाद चालक और खलासी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसों के बाद भी नहीं जाग रहे जिम्मेदार
मारकुंडी घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाएं अब सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटना संभावित मोड़ों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी के खतरनाक मोड़ों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक बेहद जरूरी हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभागों और सड़क निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर लगातार हादसों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त क्यों नहीं की जा रही है? लोगों ने मांग की है कि दुर्घटना संभावित स्थलों का तत्काल निरीक्षण कराकर मजबूत क्रैश बैरियर, पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो घाटी में कोई बड़ा हादसा कई जिंदगियों को लील सकता है। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं या इस दुर्घटना से सबक लेकर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करेंगे?
Author: Pramod Gupta
Hello









