अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता रवि सिंह ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
सोनभद्र (रेणुकूट) बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को सेंट ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल, रेणुकूट में ‘खुला आसमान–2026’ इंटर-स्कूल स्पोर्ट्स फेस्ट का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के लगभग एक दर्जन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और रचनात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान शतरंज, लूडो, कैरम, डॉजबॉल, लंबी कूद, कबड्डी एवं वॉलीबॉल के साथ प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने वाले रेफरी और निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी तथा विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता रवि सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। खेल जीवन में सफलता की राह प्रशस्त करने के साथ बच्चों को चुनौतियों का सामना करना भी सिखाते हैं। विद्यालय के चेयरमैन आशीष सिंह, प्रधानाचार्य आकाश सिंह एवं मैनेजर मुकेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर हेड मिस्ट्रेस गायत्री पांडेय, शिक्षिका चिंता कुशवाहा, स्पोर्ट्स टीचर्स अपूर्वा सिंह एवं अनिमेष रजत तथा शिक्षक अभिषेक साह, आभा शर्मा, सचिन सिंह एवं विनय कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में विकास राय, भगत सिंह, ओम प्रकाश, पवन कुमार, अमित कुमार, आदित्य कुमार, लक्ष्मण कुमार एवं राजू शामिल रहे। सभी ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास से ‘खुला आसमान–2026’ बच्चों के लिए खेल, कला, रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शन का यादगार मंच साबित हुआ।
Author: Pramod Gupta
Hello









