परिजनों की तलाश में जुटी टीम, 5 वर्षीय बालक और 3 वर्षीय बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष किया गया प्रस्तुत
सोनभद्र। जिले में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने रात के अंधेरे में भटक रहे दो नन्हे बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर संभावित अनहोनी से बचा लिया। दोनों मासूम घर से भटककर असुरक्षित परिस्थितियों में घूम रहे थे। समय रहते मिली सूचना और टीम की तत्परता से बच्चों को सुरक्षित आश्रय मिल सका। मामला थाना रॉबर्ट्सगंज की हिन्दुआरी चौकी क्षेत्र का है। 14 नवंबर की रात करीब आठ बजे स्थानीय लोगों ने दो छोटे बच्चों को अकेले भटकते देखा। बच्चों की उम्र कम होने और रात का समय होने के कारण लोगों ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, काउंसलर अमन सोनकर और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। रेस्क्यू किए गए बच्चों में करीब पांच वर्ष का एक बालक और तीन वर्ष की एक बालिका शामिल हैं। कम उम्र होने के कारण दोनों बच्चे अपने घर, माता-पिता अथवा परिजनों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। टीम ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया। समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद दोनों मासूमों को उनकी सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए शिशु गृह में संरक्षित कराया गया है। फिलहाल बच्चों के परिजनों की तलाश की जा रही है। चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन दोनों बच्चों के परिजनों या उनके घर के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन सोनभद्र के मोबाइल नंबर 9450717818 अथवा टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें।उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कोई बच्चा अकेला, रोता हुआ, गुमशुदा अथवा असुरक्षित स्थिति में दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आपकी एक छोटी सी पहल किसी मासूम को उसके परिवार से मिलाने और उसका भविष्य सुरक्षित करने में अहम साबित हो सकती है।
Author: Pramod Gupta
Hello









