हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक, आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर लगाया जाम
बगैर नंबर प्लेट दौड़ रहे हाईवा और भारी वाहनों पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दो घंटे से आवागमन बाधित
सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के महलपुर गांव में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष भारती पुत्र सागर निवासी महलपुर थाना जुगैल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मजदूर सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मजदूर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बगैर नंबर प्लेट के हाईवा और भारी वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद इन वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।बताया गया कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घर के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास करती रही। समाचार लिखे जाने तक करीब दो घंटे से ग्रामीणों ने मार्ग अवरुद्ध कर रखा था। पुलिस लोगों को समझाकर जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी थी। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर बगैर नंबर प्लेट के फर्राटा भर रहे भारी वाहनों पर कार्रवाई कब होगी? एक मजदूर की जान चली गई, परिवार उजड़ गया, लेकिन अनियंत्रित भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
Author: Pramod Gupta
Hello









