November 15, 2026 5:38 am

सरहद पर निभाया फर्ज, गांव लौटा तो पलकों पर बिठाया गया! वायुसेना के रिटायर्ड जवान रितेश यादव के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

भारत माता के जयकारों से गूंज उठी कैमूर घाटी, फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

सोनभद्र। देश की सरहदों की सुरक्षा में अपना बहुमूल्य योगदान देने के बाद भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त होकर अपने पैतृक गांव लौटे मारकुंडी के लाल रितेश कुमार यादव उर्फ मुन्नू का शनिवार को ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। वर्दी में वर्षों तक देश की सेवा करने वाले जवान की घर वापसी पर पूरा इलाका उत्सव के माहौल में डूब गया। भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से कैमूर घाटी की तलहटी गूंज उठी। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा चौकी अंतर्गत मारकुंडी ग्राम पंचायत निवासी रितेश कुमार यादव ने असम में भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं देते हुए निर्धारित कार्यकाल पूरा किया। सेवानिवृत्ति के बाद शनिवार को जब वह अपने गांव पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए मारकुंडी सहित आसपास के गांवों से महिला, पुरुष, बच्चे, युवा, व्यापारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उमड़ पड़े। ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कैमूर घाटी की तलहटी में ही अपने गांव के सपूत का फूल-मालाओं से जोरदार अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों, डीजे और गाजे-बाजे के बीच स्वागत का नजारा देखते ही बन रहा था। हर तरफ देशभक्ति के नारे और अपने लाल की एक झलक पाने को उत्साहित लोगों की भीड़ दिखाई दी। इसके बाद सेवानिवृत्त जवान को सुसज्जित वाहनों के लंबे काफिले के साथ मारकुंडी घाटी से मीना बाजार, गुरमा नगर पंचायत होते हुए जिला कारागार गुरमा कैंप तक ले जाया गया। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। पूरे मार्ग पर सम्मान और उत्साह का माहौल बना रहा। इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि भारतीय वायुसेना में सेवाएं देकर रितेश कुमार यादव ने अपने परिवार ही नहीं, बल्कि मारकुंडी क्षेत्र और पूरे जनपद सोनभद्र का गौरव बढ़ाया है। देश की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद गांव लौटे जवान का सम्मान करना हर नागरिक के लिए गर्व की बात है। उनका समर्पण और सेवा भाव नई पीढ़ी के युवाओं को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करेगा। स्वागत समारोह में प्रमुख रूप से राजकुमार मिश्रा, मदन मोहन यादव, सौरभ कुमार, प्रसन्न कुमार मिश्रा उर्फ रामू, सूरज सिंह यादव, चंदन सिंह, गुलाब नबी, सुनील कुमार अग्रहरि, अशोक कुमार यादव, संजय सिंह, ओमप्रकाश बादल, मशालू गिरी, मुलायम सिंह यादव, रिंकू भारती (लाइनमैन), गुड्डू कुरैशी, कामरान कुरैशी, कमल यादव, शहजाद कुरैशी उर्फ सोनू, अशोक पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!