85.64 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद, 11 केंद्रों पर शुरू हुई प्रक्रिया; किसानों से संपर्क कर तत्काल खरीद शुरू कराने की हिदायत
सोनभद्र। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत संचालित धान खरीद की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा में पीसीएफ के आठ केंद्र प्रभारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों की ऑनलाइन उपस्थिति की जानकारी ली। इसमें खाद्य विभाग, भारतीय खाद्य निगम एवं मंडी समिति के सभी केंद्र प्रभारी शत-प्रतिशत उपस्थित मिले, जबकि पीसीएफ के कुल 34 केंद्र प्रभारियों में से 26 उपस्थित और आठ अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों से केंद्र पर मौजूद नहीं रहने का कारण पूछते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने क्रय केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और किसानों से लगातार संपर्क स्थापित कर धान खरीद तत्काल शुरू कराने की हिदायत दी। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिन क्रय केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है, उन्हें तत्काल क्रियाशील किया जाए। धान खरीद शासन की प्राथमिकता का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खरीद कार्य में रुचि नहीं लेने और शासन के निर्देशों का अनुपालन नहीं करने वाले सचिवों एवं केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अब तक 11 धान क्रय केंद्रों के माध्यम से कुल 85.64 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि चार क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीद व्यवस्था को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अपनी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
Author: Pramod Gupta
Hello









