नेहरू जयंती पर बच्चों ने सजाईं दुकानें, ग्राहक बनकर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी लिया मेले का आनंद
सोनभद्र। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर शनिवार 14 नवंबर 2026 को पं. विद्याधर इंटर कॉलेज एवं परमहंस पब्लिक स्कूल कबरी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक सुरेश तिवारी एवं प्रधानाचार्य ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं और बाल मेले ने विशेष आकर्षण पैदा किया। बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग प्रकार की दुकानें सजाकर अपनी व्यावसायिक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। किसी ने दुकान संचालक की भूमिका निभाई तो किसी ने ग्राहक बनकर खरीदारी की। बच्चों में दुकानों को सजाने, सामान बेचने और खरीदने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा विद्यालय परिसर मेले की रौनक और बच्चों की चहल-पहल से गुलजार रहा। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक सुरेश तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के राष्ट्रनायक पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और व्यक्तित्व को समझने के लिए उनकी प्रसिद्ध पुस्तक ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ का अध्ययन अवश्य करना चाहिए। इस पुस्तक के माध्यम से भारत के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता को जानने के साथ ही नई सीख भी प्राप्त होती है। वहीं प्रधानाचार्य ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यावसायिक एवं व्यवहारिक शिक्षा देना भी अत्यंत आवश्यक है। इससे बच्चे अपने कर्तव्यों और दायित्वों को समझने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार हो सकेंगे।कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर उमंग, उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलकता रहा। आयोजन ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर श्रवण कुमार पाण्डेय, अनुराग त्रिपाठी, कृष्ण देव, सगीर खान, शशि पटेल, चंद्रभान देव, मनीष दूबे, पूजा सिंह, निधि सिंह, पूजा पाण्डेय, श्वेता सिंह, पूजा भारती, पायल सोनी, नेहा पाण्डेय, वैष्णवी, श्रेया पाण्डेय सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









