सोनभद्र (बीजपुर) साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है। ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए गंवाई गई 37,731.20 रुपये की पूरी धनराशि पुलिस ने पीड़ित को वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी गांव निवासी सौरभ मजूमदार पुत्र निर्मल मजूमदार ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए थे। अज्ञात व्यक्ति ने लिंक के माध्यम से पैसे भेजने का झांसा देकर उनके खाते से 37,731.20 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश क्षेत्राधिकारी दुद्धी के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए NCRP पोर्टल पर शिकायत का परीक्षण किया। जांच के दौरान ठगी की रकम को होल्ड कराया गया। इसके बाद जरूरी साक्ष्य जुटाकर MRM पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक शाखा को धनराशि वापस करने के लिए अनुरोध भेजा गया। पुलिस की लगातार कोशिशों के परिणामस्वरूप पीड़ित के मूल बैंक खाते में ठगी गई पूरी रकम 37,731.20 रुपये वापस आ गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर सौरभ मजूमदार ने बीजपुर पुलिस की साइबर टीम के प्रति आभार जताया और पुलिस के प्रयासों की सराहना की। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय, आरक्षी सरोज, अमित कुमार, श्रीकृष्ण तथा महिला आरक्षी निहारिका पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।
Author: Pramod Gupta
Hello









