November 14, 2026 5:42 am

सरकारी अस्पताल पर IAS जागृति अवस्थी का भरोसा, MCH विंग में गूंजी किलकारी; बेटे को दिया जन्म

UPSC में देशभर में दूसरी रैंक हासिल करने वाली CDO ने निजी अस्पतालों के बजाय चुनी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था, प्रशासनिक गलियारों से अस्पताल तक खुशियों की गूंज

सोनभद्र। सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) IAS जागृति अवस्थी ने जिला अस्पताल की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा जताकर एक सकारात्मक संदेश दिया है। UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2020 में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरी रैंक हासिल करने वालीं जागृति अवस्थी ने जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH विंग) में बेटे को जन्म दिया। उनके घर में नन्हे मेहमान के आगमन से खुशियों का माहौल है। खास बात यह है कि एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी होने के बावजूद उन्होंने प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल को चुना। इस सुखद अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अपनी पत्नी एवं IFS अधिकारी आरुषि मिश्रा के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने नवजात शिशु को आशीर्वाद दिया और जागृति अवस्थी व उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। अस्पताल में इस अवसर पर आत्मीयता और खुशी का माहौल देखने को मिला। IAS जागृति अवस्थी की पहचान केवल एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि अपनी जमीनी कार्यशैली के लिए भी रही है। विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कभी ट्रैक्टर पर सवार होकर दुर्गम गांवों तक पहुंचना तो कभी ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनना, उनकी कार्यशैली की खास पहचान रही है। इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी का फैसला, पहले प्रयास में मिली असफलता और दूसरे प्रयास में देशभर में दूसरी रैंक हासिल करने तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी इस उपलब्धि ने पहले ही उन्हें देशभर में पहचान दिलाई थी और अब सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने का उनका निर्णय भी चर्चा का विषय बन गया है। यह खबर महज एक प्रशासनिक अधिकारी के परिवार में खुशियों के आगमन तक सीमित नहीं है। यह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसे की एक ऐसी तस्वीर भी पेश करती है, जो आम लोगों के मन में सरकारी अस्पतालों को लेकर विश्वास मजबूत करने का संदेश देती है। सवाल सिर्फ इतना है कि जिस सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने भरोसा जताया, क्या आम नागरिकों को भी उसी स्तर की सुविधाएं और भरोसेमंद उपचार मिल पा रहा है?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!