सोनभद्र। जनपद में नकली एवं अधोमानक दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने और औषधियों की खरीद दरों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से औषधि विभाग एवं डीपीसीओ (DPCO) टीम ने रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में अस्पतालों से जुड़े मेडिकल स्टोरों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान चार संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देशन और सहायक आयुक्त (औषधि), मिर्जापुर मंडल के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत साई हॉस्पिटल एवं श्रीराम हॉस्पिटल, रॉबर्ट्सगंज स्थित फार्मेसी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान औषधियों की गुणवत्ता, खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां सामने आईं, जिन्हें निरीक्षण आख्या में दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त (औषधि), मिर्जापुर मंडल को भेजा जा रहा है। वहीं, संदेहास्पद प्रतीत होने वाली चार औषधियों के नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठान संबंधित औषधियों के क्रय-विक्रय से जुड़े बिल और अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। औषधि विभाग ने जिले के सभी थोक एवं फुटकर दवा विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि कफ सिरप, नींद की दवाइयों और अन्य नियंत्रित औषधियों की बिक्री केवल विधिवत पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अब जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें: छापेमारी में चार दवाओं के नमूने तो लिए गए, लेकिन उनकी गुणवत्ता पर अंतिम फैसला प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही होगा। ऐसे में देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर विभाग कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है।
Author: Pramod Gupta
Hello









