13 नवंबर को पांच क्रय केंद्रों पर हुई 318.40 कुंतल धान की खरीद, 48 घंटे में भुगतान के निर्देश
सोनभद्र। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के तहत जनपद में धान खरीद के लिए कुल 86 क्रय केंद्र संचालित कर दिए गए हैं। शासन की ओर से जिले को इस वर्ष 1,25,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 34, भारतीय खाद्य निगम के दो तथा मंडी समिति के चार क्रय केंद्रों पर किसानों से धान की खरीद की जा रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को खाद्य विभाग के पांच क्रय केंद्रों पर कुल 318.40 कुंतल धान की खरीद की गई। उन्होंने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने किसानों से लगातार संपर्क स्थापित कर सभी क्रय केंद्रों पर नियमित रूप से धान खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया है कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।डीएम ने अधिक से अधिक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाने पर जोर देते हुए निर्देश दिया है कि क्रय केंद्रों पर किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान की खरीद की जाए। साथ ही किसानों द्वारा बेचे गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज का मूल्य प्राप्त करने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
Author: Pramod Gupta
Hello









