कोर्ट के आदेश पर महिला के खिलाफ केस दर्ज
सोनभद्र (बीजपुर) स्थानीय थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी के कर्मचारी से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर स्थानीय पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने के बाद न्यायालय के आदेश पर बीजपुर पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के हरई पूर्व थाना बैढ़न के मूल निवासी रोहित पाण्डेय वर्तमान में एनटीपीसी रिहन्द नगर स्थित ए-टाइप हॉस्टल में रहकर एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत हैं। पीड़ित के अनुसार कुछ समय पूर्व बीजपुर मार्केट में सामान खरीदते समय उनकी मुलाकात डोडहर निवासिनी एक महिला से हुई थी।महिला ने अपनी खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए एनटीपीसी परिसर की किसी कंपनी में नौकरी लगवाने की मदद मांगी थी जिस पर रोहित ने मानवीय आधार पर प्रयास करने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि 4-5 माह तक नौकरी न लग पाने के कारण महिला ने दुर्भावना से ग्रसित होकर रोहित पर मनगढ़ंत आरोप लगाने शुरू कर दिए लगभग एक माह पूर्व आरोपी महिला ने रोहित को धमकी दी कि यदि उसे 10 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वह शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का झूठा मुकदमा दर्ज करा देगी।पीड़ित ने इस अवैध मांग और धमकी की लिखित शिकायत 10 सितंबर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को भेजी थी। इससे नाराज होकर 12 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे आरोपी महिला एनटीपीसी परिसर स्थित रोहित के क्वार्टर पर आ धमकी और सरेआम 10 लाख रुपये की मांग करने लगी। पैसे देने से साफ मना करने पर महिला ने सार्वजनिक रूप से चिल्लाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने और तत्काल दुष्कर्म के झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी महिला आदतन लोगों को झूठे मामलों का भय दिखाकर अवैध धन उगाही करती है। इससे पूर्व भी उसने एनटीपीसी रिहन्द के एक अन्य कर्मचारी को इसी तरह जाल में फंसाकर 2 लाख रुपये हड़प लिए थे और अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर बीजपुर थाने में दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजने और 12 सितंबर की घटना के बावजूद जब स्थानीय पुलिस द्वारा कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो पीड़ित ने अधिवक्ता के माध्यम से सोनभद्र के न्यायालय में बीएनएसएस के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक थाना बीजपुर को उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर निष्पक्ष विवेचना करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में बीजपुर पुलिस ने 11 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया है।
Author: Pramod Gupta
Hello









