कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, नवीन आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर
सोनभद्र। शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के लिए शासन ने तृतीय संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के नवीन आवेदन और नवीनीकरण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सोनभद्र ने बताया कि छात्रवृत्ति के नवीनीकरण के लिए शिक्षण संस्थानों को 12 से 19 नवंबर तक मास्टर डाटा तैयार करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 13 से 20 नवंबर तक इसका सत्यापन किया जाएगा। वहीं, छात्र-छात्राएं 12 से 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन का नवीनीकरण कर उसकी हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे। विद्यालयों को 13 से 23 नवंबर तक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, अंक एवं उपस्थिति संबंधी विवरण दर्ज करने के साथ पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित करने होंगे। इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 13 से 24 नवंबर तक वास्तविक छात्र-छात्राओं का सत्यापन किया जाएगा। नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर निर्धारित की गई है। आवेदन का फाइनल प्रिंट 19 नवंबर तक निकालना होगा। इसके बाद छात्र-छात्राओं को आवश्यक अभिलेखों के साथ 19 से 22 नवंबर तक आवेदन की हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। विद्यालयों द्वारा 13 से 23 नवंबर तक ऑनलाइन सत्यापन एवं आवेदन अग्रसारण तथा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 14 से 24 नवंबर तक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन, अभिलेख जमा करने और सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
Author: Pramod Gupta
Hello









