ई-रिक्शा चालकों की रोजी-रोटी पर संकट, धर्मशाला चौराहे तक संचालन की मांग
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज में ई-रिक्शा संचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा ले जाने पर रोक लगाए जाने से नाराज सैकड़ों चालकों ने पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन तक पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की। चालकों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूर्व की भांति धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि ई-रिक्शा चालक बैंक से ऋण लेकर वाहन खरीदते हैं और उसी के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बैंक की किस्त, बच्चों की पढ़ाई और घर की रोजमर्रा की जरूरतें इसी कमाई पर निर्भर हैं। लेकिन रॉबर्ट्सगंज से आगे ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाए जाने से चालकों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यातायात व्यवस्था के साथ गरीब परिवारों की आजीविका का भी ध्यान रखना चाहिए। चालकों का कहना है कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलती थी। अब बीच रास्ते में ही उतरने की मजबूरी के कारण यात्रियों को आगे जाने के लिए दूसरा वाहन पकड़ना पड़ता है। इससे आम जनता पर दोहरे किराए का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने कहा कि संबंधित मार्ग पर अन्य बड़े वाहन और निजी बसें भी संचालित होती हैं। सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाई जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके बावजूद कार्रवाई का दबाव केवल ई-रिक्शा चालकों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रशासन से यातायात व्यवस्था के नाम पर किसी के साथ भेदभाव नहीं करने की मांग की। ई-रिक्शा चालकों ने कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वाहन चलाने को तैयार हैं। उनकी मांग है कि आम जनता की सुविधा और गरीब चालकों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दी जाए। चालकों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष निर्णय लेकर पूर्व की भांति संचालन बहाल कराने और उनके परिवारों की रोजी-रोटी पर आए संकट को दूर करने की अपील की। अब सवाल यह है कि यातायात व्यवस्था सुधारने के नाम पर गरीब ई-रिक्शा चालकों की आजीविका प्रभावित किए बिना जाम की समस्या का समाधान कैसे निकलेगा? प्रशासन से चालकों को इसी का जवाब और राहत मिलने की उम्मीद है।
Author: Pramod Gupta
Hello









