November 12, 2026 6:37 pm

छठ पूजा स्थल पर कब्जा, पोखरे में फेंका जा रहा गोबर

अतिक्रमण और गंदगी से ग्रामीणों में आक्रोश, छठ व्रती महिलाओं की आस्था पर संकट; समिति ने एसडीएम से लगाई गुहार

सोनभद्र। एक तरफ छठ महापर्व को लेकर प्रशासन स्वच्छता और घाटों की व्यवस्था के दावे कर रहा है, वहीं थाना पन्नूगंज क्षेत्र के पड़री कला में छठ पूजा स्थल पर कथित अवैध कब्जे और पोखरे में गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया है। जिस पोखरे में हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं आस्था के महापर्व छठ पर स्नान कर पूजा-अर्चना करती हैं, उसी पोखरे का पानी गोबर फेंके जाने से अत्यधिक दूषित होने का आरोप है। इस स्थिति को लेकर छठ पूजा समिति और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। मामले को लेकर छठ पूजा समिति पड़री कला ने उपजिलाधिकारी सोनभद्र को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समिति के अनुसार, गांव में सरकारी भूमि पर दुर्गा मंच, यात्री शेड और छठ पूजा स्थल निर्मित है। ग्राम पंचायत निधि से इस स्थल का सुंदरीकरण भी कराया गया है। परिसर में बाउंड्री बनी हुई है और प्रत्येक वर्ष यहां छठ महापर्व पर व्रती महिलाएं पूजा-अर्चना करती हैं। रात्रि में देवी जागरण का आयोजन भी होता है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होते हैं। समिति का आरोप है कि उपजिलाधिकारी के आदेश के क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को उक्त स्थल से अतिक्रमण हटवाया गया था, लेकिन कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद उसी रात दोबारा कब्जा कर लिया गया। आरोप है कि सार्वजनिक पूजा स्थल पर अवैध रूप से भैंस बांधी जा रही है और उसका गोबर पोखरे में फेंका जा रहा है। इससे पोखरे का पानी बुरी तरह दूषित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की आस्था और सार्वजनिक धार्मिक स्थल की स्वच्छता से जुड़ा सवाल है। छठ महापर्व में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में यदि पोखरे की सफाई और अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था नहीं हुई तो व्रती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष मुलायम सिंह एवं मेराज, कोषाध्यक्ष आदर्श पाण्डेय, सचिव कृष्ण कुमार मौर्या, राजकुमार मौर्या, दिलीप सिंह, सुनील बिंद, राजेश्वर सिंह और अशोक बिंद सहित अन्य सदस्यों ने प्रशासन से तत्काल सार्वजनिक स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने, पोखरे की सफाई कराने तथा कथित अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। अब सवाल यह है कि जब सरकारी आदेश के बाद अतिक्रमण हटाया जा चुका था, तो उसी रात दोबारा कब्जा कैसे हो गया? छठ महापर्व से पहले प्रशासन इस सार्वजनिक पूजा स्थल को अतिक्रमण मुक्त और पोखरे को स्वच्छ करा पाएगा या ग्रामीणों को इस बार भी गंदगी के बीच आस्था का पर्व मनाने को मजबूर होना पड़ेगा?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!