November 12, 2026 6:37 pm

फोटो छपवाने में शान, विज्ञापन चुकाने में जान

फोटो अखबार में चाहिए, लेकिन मेहनत का भुगतान करते वक्त क्यों याद आने लगता है बजट? सफेदपोशों की चमक के पीछे पत्रकारों के आर्थिक संघर्ष की कड़वी कहानी

सोनभद्र। समाज को आईना दिखाने वाला पत्रकार आखिर अपना आईना किसे दिखाए? दूसरों के दुख-दर्द, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और गरीबों की समस्याओं को अपनी कलम से आवाज देने वाला पत्रकार खुद आर्थिक संघर्ष के अंधेरे में जीने को मजबूर है। हैरानी की बात है कि समाज के हर वर्ग को पत्रकार की जरूरत है, लेकिन जब उसकी मेहनत का पैसा देने की बारी आती है तो अचानक जेब खाली और बजट खत्म हो जाता है। खबर चाहिए, फोटो चाहिए, कार्यक्रम को प्रमुखता चाहिए, अधिकारियों तक शिकायत पहुंचानी है, लेकिन विज्ञापन का नाम आते ही वही लोग ऐसे गायब होते हैं, जैसे पत्रकार ने कोई आर्थिक मदद नहीं, बल्कि कोई बड़ा कर्ज मांग लिया हो! आज पत्रकारिता करना जितना चुनौतीपूर्ण है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल पत्रकारिता के सहारे परिवार चलाना हो गया है। नेता, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, समाजसेवी और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोग चाहते हैं कि उनकी छोटी से छोटी गतिविधि भी अखबार की सुर्खियों में दिखाई दे। फोन पर फोन आते हैं कि खबर जरूर लगाइए, फोटो अच्छी लगाइए, कार्यक्रम को प्रमुखता दीजिए। लेकिन जब समाचार पत्र के लिए विज्ञापन की बात होती है तो जवाब तैयार मिलता है— अभी बजट नहीं है, इस समय संभव नहीं है, बाद में आइए। सवाल यह है कि जब अखबार में अपना चेहरा छपवाना होता है तब बजट की चिंता कहां चली जाती है?

खबर छपने की जल्दी, भुगतान देने की बारी में तारीख पर तारीख!

सबसे दिलचस्प नजारा तब देखने को मिलता है जब कोई विज्ञापन देने के लिए हामी तो भर देता है, लेकिन भुगतान की बारी आते ही पत्रकार को चक्कर लगवाने का सिलसिला शुरू हो जाता है। कभी कल आने की सलाह, कभी अगले सप्ताह का भरोसा तो कभी फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा जाता। पत्रकार अपनी मेहनत का पैसा मांगता है तो उसे ऐसे देखा जाता है, मानो उसने कोई अपराध कर दिया हो। क्या विज्ञापन तैयार करना, उसे प्रकाशित कराना और समाचार पत्र तक पहुंचाना मुफ्त की सेवा है? कुछ सफेदपोशों की स्थिति तो और भी निराली है। गरीबों की सेवा, समाज के उत्थान और जनकल्याण की बड़ी-बड़ी बातें मंचों से होती हैं, लेकिन पत्रकार के विज्ञापन का पुराना भुगतान चुकाने में दिल पर बोझ पड़ने लगता है। कलफदार कुर्ते, चमकदार गाड़ियां और बड़े-बड़े आयोजनों पर खर्च करने में कोई परेशानी नहीं, लेकिन पत्रकार की मेहनत का पैसा देने की बात आए तो आर्थिक तंगी का हवाला शुरू हो जाता है। विडंबना यह कि एक पत्रकार का पुराना भुगतान लंबित रखकर दूसरे पत्रकार से विज्ञापन की बातचीत करने में भी संकोच नहीं किया जाता।

भ्रष्टाचार लिखो तो मुकदमे की धमकी, विज्ञापन मांगो तो बजट की दुहाई!

पत्रकार की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। जब वह दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर किसी कथित घोटाले, भ्रष्टाचार या जनसमस्या को उजागर करता है तो कुछ प्रभावशाली लोगों को उसकी कलम चुभने लगती है। कभी मानहानि तो कभी रंगदारी जैसे मुकदमों की धमकी देकर आवाज दबाने की कोशिश किए जाने के आरोप भी सामने आते हैं। एक तरफ पत्रकार से निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की अपेक्षा की जाती है, दूसरी तरफ उसके आर्थिक और पेशेवर संघर्ष के प्रति संवेदनशीलता दिखाने में कंजूसी बरती जाती है। जरा सोचिए, पत्रकार भी बाइक में पेट्रोल भरवाता है, खबर के लिए गांव-गांव जाता है, मोबाइल रिचार्ज कराता है, कैमरा और अन्य संसाधनों पर खर्च करता है। उसके घर में भी बच्चे हैं, उनकी पढ़ाई है, परिवार की जिम्मेदारियां हैं और महीने के अंत में मकान का किराया व राशन का बिल भी आता है। क्या पत्रकार का परिवार इन जिम्मेदारियों से मुक्त है? क्या उसकी कलम चलाने के लिए पेट्रोल, बिजली और रोटी की जरूरत नहीं पड़ती?

दीपावली पर दुनिया रोशन, पत्रकार के घर में आर्थिक अंधेरा!

त्योहारों पर जब पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा होता है, तब भी पत्रकार खबरों की तलाश में सड़कों पर घूम रहा होता है। दूसरे लोगों की खुशियों, आयोजनों और उत्सवों की खबरें लिखते-लिखते उसके अपने घर की जरूरतें पीछे छूट जाती हैं। मंचों पर पत्रकारों को सम्मानित करने के लिए फूल-मालाएं और प्रशस्ति पत्र तो आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन उसकी मेहनत का वास्तविक मूल्य चुकाने की बारी आती है तो वही सम्मान कहीं दिखाई नहीं देता। यह भी समझना होगा कि विज्ञापन देना किसी खबर को खरीदना नहीं है। विज्ञापन समाचार पत्र के संचालन और पत्रकारिता के आर्थिक ढांचे को सहयोग देने का एक माध्यम है। विज्ञापन के बदले खबर की निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए, लेकिन प्रकाशित विज्ञापन का भुगतान रोककर पत्रकार की मेहनत का अपमान करना भी किसी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। समाज को एक सवाल खुद से पूछना चाहिए— जो पत्रकार दूसरों के घरों के बुझते चूल्हों की खबर लिखता है, क्या कभी उसके अपने घर के चूल्हे की चिंता भी की जाएगी? पत्रकार कोई खबर छापने की मशीन नहीं, बल्कि संवेदनशील इंसान है। उसे भी सम्मान चाहिए, उसकी मेहनत का समय पर भुगतान चाहिए और अपने परिवार के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार चाहिए। याद रखिए, पत्रकार की कलम से समाज की आवाज बुलंद होती है, लेकिन उस कलम को चलाने वाले हाथों की आर्थिक मजबूती की चिंता करना भी समाज की जिम्मेदारी है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!