सौ मीटर का रास्ता बना मुसीबत, पांच फीट की जर्जर सड़क से गुजरेंगे हजारों व्रती; महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की बढ़ेगी परेशानी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शाहगंज राजवाहा, राम सरोवर तालाब, अकड़हवा पोखरा समेत प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। तीन दिवसीय महापर्व को लेकर व्रती महिलाओं और पुरुषों में उत्साह है, लेकिन दूसरी ओर रेलवे क्रॉसिंग के पास चल रहा ओवरब्रिज निर्माण श्रद्धालुओं के उत्साह पर भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की बदहाली और संकरापन इस बार हजारों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। छठ पर्व पर श्रद्धालु सिर पर पूजा सामग्री की टोकरी रखकर मंगलगीत गाते हुए घाटों तक पहुंचते हैं। शाहगंज राजवाहा पर नगर के साथ आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं। कोई बैंड-बाजे के साथ पारंपरिक तरीके से घाट तक जाता है तो कोई ठेला, चारपहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा से पूजा सामग्री लेकर पहुंचता है। ऐसे में घाट तक जाने वाले मार्ग पर भारी भीड़ उमड़ना तय है। लेकिन सवाल यह है कि जब सामान्य दिनों में ही रास्ते से गुजरना मुश्किल है तो छठ पर्व की भीड़ आखिर कैसे संभलेगी? रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज निर्माण के चलते आवागमन के लिए करीब पांच फीट चौड़ा वन-वे रास्ता छोड़ा गया है। विडंबना यह है कि यह रास्ता भी जर्जर और गड्ढों से भरा हुआ है। रेलवे क्रॉसिंग से महिला थाना तक करीब सौ मीटर का रास्ता इतना संकरा है कि श्रद्धालुओं को महिला थाना, हाईडिल मैदान और कांशीराम आवास होते हुए लगभग एक किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ सकता है। पूजा की टोकरी सिर पर रखकर घाट जाने वाली महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह दूरी किसी परीक्षा से कम नहीं होगी। यही हाल रेलवे क्रॉसिंग से नहर की ओर घुवास मार्ग का भी है। यहां करीब सौ मीटर तक पिलर निर्माण कार्य चल रहा है। आवागमन के लिए छोड़ा गया वैकल्पिक रास्ता भी क्षतिग्रस्त है। हालात ऐसे हैं कि इस पर पैदल चलना तक आसान नहीं है। ऐसे में पर्व के दौरान एक साथ उमड़ने वाली भीड़ के बीच धक्का-मुक्की, गिरने और दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज के पिलरों का निर्माण हो चुका है। ऐसे में कार्यदायी संस्था चाहे तो अस्थायी रूप से रास्ते की चौड़ाई बढ़ाकर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बना सकती है। इसके बावजूद यदि पर्व से पहले रास्ते की मरम्मत और समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भारी दुश्वारियां झेलनी पड़ सकती हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था से मांग की है कि छठ महापर्व से पहले गड्ढों को भरवाया जाए, जर्जर रास्तों की मरम्मत कराई जाए और आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जाए। साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएं, ताकि लोकआस्था के महापर्व पर श्रद्धालुओं को आस्था की डगर पर अव्यवस्था और बदहाल रास्तों से जूझना न पड़े।खबर का मूल सवाल: घाटों की सफाई के साथ श्रद्धालुओं तक पहुंचने वाले रास्तों की सुध कौन लेगा? छठ पर्व सिर पर है, अब प्रशासन और कार्यदायी संस्था की अग्निपरीक्षा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









