November 10, 2026 9:36 pm

छठ घाटों पर सुरक्षा का रहेगा कड़ा पहरा, सीसीटीवी से होगी निगरानी

डीएम चर्चित गौड़ ने सोन नदी घाट का किया निरीक्षण, सफाई, प्रकाश और बैरिकेडिंग के दिए निर्देश

सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने चोपन स्थित सोन नदी छठ घाट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी और जलाशयों के किनारे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, दिशा-सूचक एवं सूचनात्मक बोर्ड लगाने के साथ ही नदी के किनारे सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नदी में डूबने जैसी अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी प्रमुख छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जो घाटों और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। एसपी ने बताया कि भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए जाएंगे, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा और आस्था का विशेष पर्व है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे सभी व्रती पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!