स्थानीय लोगों ने चालक पर लगाया नशे में वाहन चलाने का आरोप, ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी में तेज रफ्तार एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि वाहन पहाड़ी से नीचे गिरने से बाल-बाल बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वाहन चालक नशे की हालत में था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने एक बार फिर मारकुंडी घाटी में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। इन वाहनों की तेज रफ्तार और मनमाने संचालन से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है। गौरतलब है कि मारकुंडी घाटी का मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग की जांच तथा बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित जांच अभियान चलाकर ही भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सकता है।
Author: Pramod Gupta
Hello









