साइकिल सवार और बाइक चालक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
सोनभद्र (दुद्धी) दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में रविवार देर शाम कृषि मंडी और नहर के बीच तेज रफ्तार बाइक ने आगे चल रहे साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार और बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण साइकिल सवार और बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेंद्र (35) पुत्र स्व. कैलाश निवासी ग्राम दुम्हान, दुद्धी बाजार से सामान खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरडीहा कृषि मंडी और नहर के बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार सुरेंद्र के साथ बाइक चालक कृष्णा पटेल (30) पुत्र तेजबली निवासी किरवानी, थाना म्योरपुर और बाइक पर पीछे बैठे तेजबली (60) पुत्र स्व. बचनू निवासी झारोकला भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि बाइक चालक कृष्णा पटेल अपने रिश्तेदार के यहां आए तेजबली के साथ दुद्धी बाजार से खरीदारी कर झारोकला लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी पंकज कुमार और चालक शनि ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सुरेंद्र और कृष्णा पटेल की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









