व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा का दिलाया भरोसा, सर्राफा दुकानों पर सीसीटीवी और सतर्कता के दिए निर्देश
सोनभद्र। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा एवं पर्याप्त पुलिस बल के साथ रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।इस दौरान एसपी ने बाजारों में व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों को दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सुचारु रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। विशेष रूप से सर्राफा एवं आभूषण की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, प्रवेश एवं निकास द्वार पर निगरानी बढ़ाने तथा नकदी और कीमती आभूषणों की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने को कहा गया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने, बाजारों में लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









