November 5, 2026 2:05 pm

सोन अर्घ्य दीपावली सरस मेले का भव्य शुभारंभ, 40 स्टॉलों पर दिखा ग्रामीण महिलाओं के हुनर का जलवा

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा नया बाजार, ‘सोन अर्घ्य’ ब्रांड का हुआ शुभारंभ

सोनभद्र। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राबर्ट्सगंज के डाइट मैदान (उरमौरा) में बुधवार को ‘सोन अर्घ्य दीपावली सरस मेला-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन प्रबंधन इकाई (एनआरएलएम) की ओर से आयोजित मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर और ग्रामीण उत्पादों की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है। मेले में कुल 40 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न प्रकार के उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी की जा रही है। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से उत्पादों को तैयार करने की प्रक्रिया और उनकी बिक्री के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने महिलाओं के प्रयासों और हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘सोन अर्घ्य’ ब्रांड का भी शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल कारोबार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण मंच हैं। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ महिलाओं को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। मेले में खरीदारी के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यह मेला छह नवंबर तक आमजन के लिए खुला रहेगा। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित डाइट मैदान पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें और ग्रामीण महिलाओं के हुनर एवं मेहनत को प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर डीसी मनरेगा रविन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!