50 से अधिक कृषि उत्पाद बनाने वाली कंपनी का एफपीओ को आफर,प्रशिक्षण और कारोबार में करेगी मदद
सोनभद्र। किसान उत्पादक कंपनियों को केवल सरकारी योजनाओं और अनुदानों पर निर्भर रखने के बजाय उन्हें आत्मनिर्भर व्यावसायिक संस्था बनाने की दिशा में तेजस्वी किसान मार्ट (तेजस्वी संगठन न्यास) ने पहल की है। इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर 2026 को मध्यप्रदेश के विभिन्न किसान उत्पादक संगठनों के साथ राज्य स्तरीय ऑनलाइन संगोष्ठी आयोजित हुई, जिसका मार्गदर्शन संस्थापक ई. प्रकाश पाण्डेय ने किया।संगोष्ठी में एफपीओ की वास्तविक स्थिति, किसानों में विश्वास की कमी, संचालक मंडल की निष्क्रियता, नियमित बैठकों के अभाव और बाहरी सहयोग पर निर्भरता जैसे विषयों पर चर्चा हुई।ई. प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि एफपीओ को अपनी कमियों के लिए सरकारी विभागों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय आंतरिक व्यवस्था मजबूत करनी होगी। सक्रिय संचालक मंडल, नियमित बैठकें, पारदर्शिता और बाजार आधारित कारोबार ही संस्था को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। कंपनी का उद्देश्य केवल पंजीकृत रहना नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने वाली सफल संस्था बनना होना चाहिए।संगोष्ठी में ऑर्गोनेक्स्ट लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक अखिलेश शुक्ला ने बताया कि कंपनी 50 से अधिक प्रकार के कृषि उत्पाद बनाती है। कंपनी ने इच्छुक एफपीओ को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और व्यावसायिक सहयोग देने की इच्छा जताई।इसके साथ ही स्टार्टअप पहल, उद्यम पंजीयन और नई व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी साझा की गई। बताया गया कि तेजस्वी किसान मार्ट का संपर्क नेटवर्क देश में 8000 से अधिक एफपीओ तक पहुंच चुका है। चार राज्यों में 10 स्टोर और 100 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं आगामी योजना में प्रत्येक जनपद में सहयोगी संस्थाओं का नेटवर्क, जिला-विकासखंड स्तर पर वितरक व्यवस्था, एक जनपद-एक दुकान और फ्रेंचाइजी विस्तार को प्राथमिकता दी गई है। संगोष्ठी में भांडेर, डबरा, महगांव, मानभूम सहित अनेक एफपीओ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।









