फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत पूर्वी बसुधा में शुक्रवार की रात एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कच्चे मकान के अंदर बड़ेर में लाल साड़ी के फंदे से लटकता मिला। शनिवार की भोर में घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी बसुधा निवासी शारद पठारी (30), पुत्र राज नारायण, शुक्रवार की रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद सोने चला गया था। शनिवार की भोर में जब परिजनों की नींद खुली तो घर के अंदर उसका शव बड़ेर में लाल साड़ी के फंदे से लटकता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। घर में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना चोपन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया गया कि मृतक परिवार का बड़ा बेटा था। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक का पांच वर्षीय एक बेटा भी है। वह करीब दो महीने पहले ही घर आया था। युवक की असमय मौत से पत्नी, मासूम बच्चे और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









