सोनभद्र। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र परिवारों को दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक हुई।बैठक में उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क रिफिल उपलब्ध कराने, तेल कंपनियों से समन्वय और भुगतान प्रतिपूर्ति की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।एडीएम ने निर्देश दिया कि सभी लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराया जाए। बैंक खातों की आधार सीडिंग और ई-केवाईसी तत्काल अपडेट कराई जाए, ताकि लाभ हस्तांतरण में तकनीकी बाधा न आए। निष्क्रिय लाभार्थियों और निष्क्रिय बैंक खातों की सूची भी अपडेट करने को कहा।ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में समय से होम डिलीवरी सुनिश्चित करने और बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा कराने के लिए गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर व प्रबंधकों को निर्देशित किया गया।एडीएम ने कहा कि पात्रता, प्रक्रिया और निर्धारित तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई पात्र वंचित न रहे। योजना का पारदर्शी व समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, विधिक माप-विज्ञान निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक और तेल कंपनियों के विक्रय प्रबंधक मौजूद रहे।









