किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति की उठाई मांग, गेहूं की बुवाई के लिए नहरें बंद कराने की अपील
सोनभद्र। अर्नब तूफान के चलते जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में लगातार क्षेत्रीय दौरा कर रहा है। इस दौरान किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं और फसल नुकसान की जानकारी ली जा रही है। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की कि जनपद में तत्काल फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बाद होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन को किसानों की पीड़ा समझते हुए शीघ्र राहत पहुंचाने की पहल करनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि गेहूं की बुवाई का समय नजदीक होने के मद्देनजर तत्काल नहरों को बंद कराया जाए, ताकि खेतों में जलभराव की स्थिति न बने और गेहूं की बुवाई प्रभावित न हो। मोर्चा ने प्रशासन से किसानों के हित में जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









