October 28, 2026 3:07 pm

टेलर की चपेट में आने से गाय के दोनों पैर फ्रैक्चर, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

तेज रफ्तार भारी वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग, बैढ़न-बीजपुर बाईपास पर लगी वाहनों की लंबी कतार

सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बीजपुर के टोला शांतिनगर में मंगलवार सुबह अज्ञात टेलर वाहन की चपेट में आने से एक दुधारू गाय के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बैढ़न-बीजपुर बाईपास पर सुबह से शाम तक चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा। पीड़ित पशुपालक आकाश पाल पुत्र स्वर्गीय राधे पाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब पौने आठ बजे गाय को चराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एनटीपीसी रिहंद के राख बांध पर राख लोड करने जा रहे एक टेलर वाहन की चपेट में गाय आ गई। हादसे में उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। गंभीर चोट लगने के कारण गाय का खड़ा होना और चलना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सड़क पार कर मवेशियों को जंगल में चराने ले जाने के दौरान आए दिन हादसों की आशंका रहती है। ग्रामीणों के मुताबिक, बकरी, बकरा, बछिया समेत अन्य मवेशी भी वाहनों की चपेट में आकर घायल हो जाते हैं या उनकी मौत हो जाती है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सुबह से शाम तक सड़क जाम रखकर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। चक्काजाम के कारण बाईपास पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों ने मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा मवेशियों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों में देवदास यादव, देवमुनी पाल, मोहन पाल, राजनारायण, किशोरी पाल, मांकुवर देवी, रीता देवी, लक्ष्मी पाल, दिनेश पाल, अजय पाल, सूरज पाल और रुद्र देव यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!