अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल महिला जिला अस्पताल रेफर
सोनभद्र (म्योरपुर) म्योरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर देवरी-बभनडीहा गांव के पास यात्रियों से भरी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रेणुकूट से अंबिकापुर जा रही यात्री बस देवरी-बभनडीहा गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। हादसे में छत्तीसगढ़ की मुर्सरत खातून (25), काचन की रुखसार (25), म्योरपुर की नेहा (19), रेणुकूट की तराना बानो (24) और काचन निवासी अशोक (50) घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. संजीव बिंद ने सभी का उपचार किया। मुर्सरत खातून की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद चालक की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा और सड़क पर वाहनों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









