October 24, 2026 4:17 pm

मंडी परिसर अग्निकांड पर व्यापार मंडल का आक्रोश, फायर सेफ्टी से लेकर सफाई तक पर उठाए सवाल

लाखों का राजस्व देने वाले व्यापारियों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं, जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

सोनभद्र। मंडी परिसर में बीते दिनों हुए भीषण अग्निकांड के बाद व्यापारियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा गरमा गया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र ने मंडी परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर गहरी चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा परिसर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापारी सरकार को लाखों रुपये का राजस्व देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। हाल ही में हुए अग्निकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में तौल कांटा लंबे समय से खराब पड़ा है। साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने और बिजली की समस्या के कारण व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। व्यापार मंडल ने मांग की कि मंडी परिसर में तत्काल अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त की जाए, खराब तौल कांटे को ठीक कराया जाए तथा साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भविष्य में किसी भी प्रकार की कार्रवाई या कार्यक्रम से पहले व्यापारियों के साथ उचित समन्वय स्थापित किया जाए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि एक दिन पहले आयोजित व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में भी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया था। व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल और जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केसरी ने संयुक्त बयान में कहा कि लाखों रुपये का राजस्व देने वाले व्यापारियों को सुविधाओं और सुरक्षा से वंचित रखना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को हो रही परेशानियों का स्थायी समाधान जरूरी है। वहीं, मंडी अध्यक्ष श्याम बाबू केसरी ने मंडी प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिसर में अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि समस्याओं की अनदेखी का खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।

आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का स्थायी समाधान कर व्यापारियों को सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!