परासी गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग में शोक की लहर
सोनभद्र। परासी गांव के समीप ट्रक और कार की जोरदार टक्कर में राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार मौर्य की मौत हो गई, जबकि उनके साढ़ू भाई राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अनिल कुमार मौर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अनिल कुमार मौर्य अपने साढ़ू भाई राजेश के साथ कार से मिर्जापुर जिले के राजगढ़ गए थे। बताया जा रहा है कि उनके ससुर की तबीयत गंभीर थी, जिसके चलते दोनों वहां गए थे। राजगढ़ से वापस लौटते समय परासी गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार मौर्य की मौत की खबर मिलते ही तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर एसडीएम विशाल कुमार, तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह और नायब तहसीलदार विदित तिवारी समेत राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत राजस्व निरीक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Author: Pramod Gupta
Hello









