October 10, 2026 7:12 am

राजस्व विभाग पर फिर उठे सवाल, सीमांकन के नाम पर कथित वसूली का मामला गरमाया

– बभनी में राजस्व कर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप; 10 हजार रुपये देने के बाद सीमांकन कराने का दावा, वायरल वीडियो की जांच होगी

सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) तहसील दुद्धी के बभनी क्षेत्र में जमीन के सीमांकन के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता लक्ष्मी प्रसाद ने क्षेत्रीय कानूनगो राजनाथ और लेखपाल विमलेश पर 25 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है। शिकायतकर्ता का दावा है कि काफी बातचीत के बाद 10 हजार रुपये देने पर जमीन का सीमांकन कराया गया। इस कथित लेनदेन से संबंधित वीडियो वायरल होने की बात भी कही गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी दुद्धी ने शिकायतकर्ता को बयान दर्ज कराने के लिए कार्यालय बुलाने और वायरल वीडियो की जांच कराने की बात कही है। मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र के अनुसार लक्ष्मी प्रसाद निवासी अरझट पोस्ट सेंधूर तहसील दुद्धी क्षेत्र बभनी ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वर्तमान में वह मंडल महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन के सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान राजस्व विभाग के संबंधित कर्मचारियों ने उनसे कथित तौर पर 25 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के मुताबिक गाटा संख्या 716/717, देवरीहवां स्थित जमीन का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने 21 जुलाई 2026 को उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। इसके बाद उपजिलाधिकारी की ओर से टीम गठित कर जमीन का सीमांकन कराने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि आदेश के बावजूद सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान उनसे रकम की मांग की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि काफी बातचीत के बाद 10 हजार रुपये देने पर सीमांकन का कार्य पूरा किया गया।

वायरल वीडियो को बताया साक्ष्य, निष्पक्ष जांच की मांग

लक्ष्मी प्रसाद ने अपने शिकायती पत्र में कथित अवैध वसूली से संबंधित वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने का दावा किया है। उनका कहना है कि इस तरह की शिकायतें सामने आने से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपों की सत्यता सामने लाने और यदि संबंधित कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी सोनभद्र, भाजपा जिलाध्यक्ष और उपजिलाधिकारी दुद्धी को भी भेजे जाने का उल्लेख किया गया है।

एसडीएम बोले—वीडियो की जांच कर दोषियों पर होगी कार्रवाई

इस संबंध में उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। शिकायतकर्ता को कार्यालय में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और जांच में संबंधित लोगों के दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और वायरल वीडियो की जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। ऐसे में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सीमांकन के नाम पर कथित धनराशि की मांग और भुगतान के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!