सोनभद्र (दुद्धी) स्थानीय खेल मैदान पर बुधवार को 35वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का तीन दिवसीय भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता ने शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर एवं मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इससे पूर्व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्रतियोगिता में सोनभद्र जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न आयु वर्गों में दौड़ सहित अन्य एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। पढ़ाई के साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेल के मैदान में मिली जीत और हार दोनों ही जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें और अपनी प्रतिभा को निखारते हुए जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। 800 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में सुमन ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की हुस्नेआरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में जेबीएस शाहगंज के भावेश सिंह प्रथम, बद्रीनारायण इंटर कॉलेज गौरही के रमेश द्वितीय तथा लोकनाथ इंटर कॉलेज बघनारी के अनिल तृतीय स्थान पर रहे। सब जूनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आयन कादरी प्रथम, आदर्श इंटर कॉलेज महुली के अंशु कुमार द्वितीय तथा प्रदीप कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मुख्यांचल की अंजली मौर्य प्रथम, चांदनी द्वितीय तथा पूर्वांचल की सरिता तृतीय स्थान पर रहीं। वरिष्ठ बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भावेश ने प्रथम तथा राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रेम कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में ऊर्जांचल की स्नेहा प्रथम तथा पूर्वांचल की राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की माही द्वितीय रहीं। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जिला क्रीड़ा सचिव सुनील कुमार राव, राजेश सिंह, ऋषिकेश पाठक, राजेश्वर श्रीवास्तव, दीपक गुप्ता, अमर सिंह सहित जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









